छतरपुर, विनोद मिश्रा। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदलपुरा के पास हुए एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान बरद्वाहा निवासी भगवानदास पटेल पिता स्व. परमलाल पटेल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, भगवानदास पटेल अपने परिचितों किशन पटेल और बालकदास पटेल के साथ रिश्तेदार के यहां नंदलपुरा में आयोजित तेहरवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद तीनों एक ही बाइक से अपने गांव बरद्वाहा लौट रहे थे। इसी दौरान नंदलपुरा के समीप सामने से आ रहे एक अज्ञात दोपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ें




टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में किशन पटेल और बालकदास पटेल को मामूली चोटें आईं, वहीं भगवानदास पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई और गंभीर घायल भगवानदास को जिला अस्पताल छतरपुर के लिए रवाना किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाले दोपहिया वाहन के सद्दूपुरा निवासी किसी व्यक्ति का होने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना पर बमीठा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।














