सागर, स्वाति सिंह। शहर के एक निजी अस्पताल के ICU में उपचार के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल के वार्ड बॉय राजा बंसल के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग 20 नवंबर को अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर लौट रही थी। बरोदा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें नाबालिग घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए बरगद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे ICU थर्ड में भर्ती किया।


पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे वह बेड पर सो रही थी। इसी दौरान वार्ड बॉय राजा बंसल वहां पहुंचा और उसने कथित तौर पर गलत तरीके से छुआ। आरोप है कि उसने किशोरी से कहा कि वह उसे अच्छी लगती है और बात करने के लिए उसका फोन नंबर मांगा। नंबर देने से इनकार करने पर आरोपी ने दोबारा गलत तरीके से छुआ और कुछ देर बाद वहां से चला गया। डर के कारण किशोरी उस समय कुछ नहीं बोल सकी, लेकिन बाद में अस्पताल आई अपनी बुआ की बेटी को उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की।

सामने आए CCTV फुटेज में जैकेट पहने एक व्यक्ति नाबालिग के बेड के पास झुकता और उसके बगल में खड़ा दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह कंबल के ऊपर तथा नाबालिग के हाथ और शरीर के ऊपरी हिस्से के पास हाथ रखता दिख रहा है।

हंगामे के बीच अस्पताल परिसर में पहुंची शराब से भरी बोलेरो

घटना को लेकर अस्पताल में परिजनों और लोगों के विरोध के बीच शराब की पेटियों से लदी एक बोलेरो वाहन अस्पताल परिसर में पहुंच गई। मौके पर जुटी भीड़ को देखकर वाहन सवार लोग बोलेरो छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो तथा उसमें रखी शराब जब्त कर ली। पुलिस ने नाबालिग और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।