बैतूल। आस्था, त्याग और वैराग्य का एक अद्भुत संगम रविवार को शहर की सड़कों पर देखने को मिला। माता-पिता के सपने को पूरा करने के लिए जज की परीक्षा पास करने वाली नगर की गौरव ब्रह्मचारिणी प्रखरश्री दीदी ने ज्वाइनिंग से ठीक पहले सांसारिक सुखों को त्याग कर संयम के मार्ग पर चलने का फैसला किया है। जैनेश्वरी दीक्षा की ओर अग्रसर प्रखर दीदी सहित पांच दीक्षार्थी बहनों के सम्मान में रविवार को परिजनों और सकल जैन समाज द्वारा भव्य 'बिनौली चल समारोह' निकालकर ऐतिहासिक विदाई दी गई।

शहर के प्रमुख मार्गों से निकले इस भव्य चल समारोह में विंटेज कारों का काफिला, आकर्षक शाही बग्घियां और राजस्थान के उदयपुर से आए विशेष बैंड की मधुर धुनों ने समां बांध दिया। जगह-जगह समाजजनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाओं व जयकारों के साथ दीक्षार्थी बहनों का आत्मीय स्वागत किया। हर किसी की जुबान पर बैतूल की बेटी के इस बड़े त्याग की चर्चा रही। चल समारोह जैन दादावाड़ी पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां पांचों दीक्षार्थी बहनों की पारंपरिक गोदभराई की रस्म निभाई गई। ये सभी बहनें आगामी 22 नवंबर को विधिवत दीक्षा ग्रहण कर साध्वी बनेंगी।


क्या कहती हैं दीक्षार्थी बहनें

साध्वी बनने जा रहीं ब्रह्मचारिणी प्रखर दीदी ने कहा कि माता-पिता का सपना था कि वे एक बार जज का एग्जाम क्वालीफाई करें, जिसे उन्होंने पूरा कर दिखाया। बचपन से ही उनके मन में वैराग्य का भाव था। उनका मानना है कि जज या वकील बनकर वे समाज की वह सेवा नहीं कर पातीं, जो भगवान महावीर के दिखाए मार्ग पर चलकर कर सकेंगी।

वहीं, सहारनपुर से आईं बाल ब्रह्मचारिणी रंगोली दीदी ने इस पल को हर बेटी की अंतिम विदाई का समय बताया। उन्होंने कहा कि अभी सभी बहनों ने रंगीन वस्त्र धारण किए हैं, लेकिन दीक्षा के बाद वे श्वेत वस्त्र धारण कर लेंगी। बैतूल में प्रखर दीदी के परिजनों ने जिस भव्यता से विदाई दी है, वह अविस्मरणीय है।