सतना, सजल कुमार रजक। जरूरतमंद परिवारों की मदद और बेटियों के निकाह को आसान बनाने की दिशा में अलबरकात वेलफेयर सोसाइटी ने सराहनीय पहल की है। संस्था द्वारा आयोजित चौथे इज्तेमाई निकाह सम्मेलन में 16 जोड़ों का निकाह कराया गया। इसके साथ ही संस्था ने बीते चार वर्षों में कुल 50 जोड़ों के निकाह संपन्न कराने का लक्ष्य भी पूरा कर लिया।

कार्यक्रम के दौरान मौलाना आरिफुल कादरी ने निकाह की रस्म अदा कराई और उपस्थित जनसमूह को सादगी से शादी करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, समाजसेवी शिव चतुर्वेदी, महापौर योगेश ताम्रकार और पूर्व मंत्री सईद अहमद सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि संस्था के संस्थापक हाजी परवेज नवाज खान के नेतृत्व में वर्ष 2021 में इसकी शुरुआत की गई थी। इज्तेमाई निकाह सम्मेलन के अलावा संस्था जरूरतमंदों को राशन, आर्थिक सहायता, कंबल और गर्म कपड़े वितरित करने के साथ अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य भी निरंतर कर रही है।

आयोजन को सफल बनाने में जाहिद खान, फिरोज अहमद, साबिर और मोहम्मद आसिफ सहित संस्था के सदस्यों व सहयोगियों की अहम भूमिका रही। संस्था की इस पहल को क्षेत्र में इंसानियत, भाईचारे और समाजसेवा की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।