मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एस रोड पर वीरांगना झलकारी बाई की जयंती के अवसर पर निकाली गई रैली के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब रैली में शामिल कुछ युवकों ने खुलेआम बंदूक और अन्य धारदार हथियार लहराना शुरू कर दिए। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जब हथियार पकड़कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की, तो युवक भड़क उठे और पुलिस से भिड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और मिली जानकारी के अनुसार, स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब युवकों ने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिसकर्मियों से बंदूक छीन ली और मौके से भाग निकले। बंदूक छुड़ाने और स्थिति को संभालने के प्रयास के दौरान रैली में मौजूद युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान रैली में मौजूद युवाओं के सामने मुरैना पुलिस बेबस नजर आई। एस रोड पर हुई इस घटना से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।














