रायगढ़/छत्तीसगढ़ (रोहित तिर्की) - बायसी रेत घाट में रॉयल्टी वसूली और परिवहन के लिए पर्ची जारी करने की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेत लेने पहुंचे आंचल दीप बाजपेयी ने आरोप लगाया कि घाट में रॉयल्टी के नाम पर उनसे 600 रुपये की मांग की गई, लेकिन उन्हें किसी प्रकार की वैध रॉयल्टी पर्ची उपलब्ध नहीं कराई गई। इस मामले के सामने आने के बाद अब घाट की निगरानी व्यवस्था और खनिज नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

आंचल दीप बाजपेयी के अनुसार, उन्हें एक पर्ची दी गई और उसे आगे चैन माउंटेन मशीन के ऑपरेटर को देने के लिए कहा गया। उनका आरोप है कि कुछ लोड ट्रैक्टरों को बिना किसी वैध रॉयल्टी पर्ची के ही घाट से आगे जाने के लिए कहा जा रहा था। साथ ही रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी होने पर उसे संभाल लेने की बात भी कही गई। उन्होंने इस संबंध में फोन के माध्यम से खनिज विभाग को सूचना देने की बात कही है।


इस घटना ने सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर रेत घाट में रॉयल्टी वसूली की वास्तविक प्रक्रिया क्या है? यदि किसी वाहन से रॉयल्टी ली जा रही है तो उसकी वैध रसीद क्यों नहीं दी जा रही? क्या घाट से निकलने वाले प्रत्येक वाहन का रिकॉर्ड रखा जा रहा है और क्या प्रत्येक वाहन को नियमानुसार ई-टीपी (Electronic Transit Pass) जारी किया जा रहा है?

सीसीटीवी और बैरियर की व्यवस्था पर सवाल

रेत घाट में उत्खनन और परिवहन की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था है या नहीं, यह भी जांच का विषय है। यदि कैमरे नहीं लगाए गए हैं तो वाहनों की आवाजाही और रेत के उत्खनन की निगरानी किस आधार पर की जा रही है? इसी तरह घाट के प्रवेश और निकास मार्ग पर बैरियर बनाया गया है या नहीं, ताकि आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन का रिकॉर्ड रखा जा सके।

5 हेक्टेयर लीज क्षेत्र का सीमांकन हुआ या नहीं?

एक अन्य महत्वपूर्ण सवाल स्वीकृत 5 हेक्टेयर लीज क्षेत्र को लेकर है। क्या निर्धारित क्षेत्र का विधिवत सीमांकन कर खंभे अथवा स्थायी निशान लगाए गए हैं? क्या मौके पर यह स्पष्ट है कि रेत का उत्खनन स्वीकृत लीज क्षेत्र के भीतर ही किया जा रहा है? यदि सीमांकन नहीं हुआ है तो लीज क्षेत्र के बाहर होने वाले संभावित अवैध उत्खनन पर नियंत्रण कैसे रखा जा रहा है?

खनिज विभाग की जांच पर टिकी निगाहें

बायसी रेत घाट से जुड़े इन सवालों के बीच अब खनिज विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। विभाग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि घाट में रॉयल्टी वसूली की प्रक्रिया क्या है, प्रत्येक वाहन को वैध दस्तावेज दिए जा रहे हैं या नहीं तथा सीसीटीवी, बैरियर, ई-टीपी और लीज क्षेत्र के सीमांकन से संबंधित व्यवस्थाओं का पालन हो रहा है या नहीं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि घाट में सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश-निकास बैरियर और ई-टीपी की प्रभावी व्यवस्था नहीं है तथा लीज क्षेत्र का स्पष्ट सीमांकन भी नहीं है, तो रेत के उत्खनन और परिवहन की निगरानी आखिर किस आधार पर की जा रही है? शिकायतकर्ता के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाना और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करना खनिज विभाग की जिम्मेदारी है।