बालाघाट, रितेश सोनी। जिले के हट्टा थाना क्षेत्र में चर्चित रियांश चौहान हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। प्रेम संबंधों के विवाद में 10 लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छठे आरोपी की तलाश जारी है। वहीं गिरफ्तारी के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हट्टा थाने का घेराव कर दिया, जिसके बाद परसवाड़ा विधायक मधु भगत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जीवन पटेल इस हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड है। आरोप है कि बेटी के प्रेम संबंधों से नाराज होकर उसने 10 लाख रुपए की सुपारी देकर रियांश की हत्या की योजना बनाई। इस साजिश में उसके बेटे आशुतोष पटेल की संलिप्तता भी सामने आई है। सुपारी लेकर हत्या को अंजाम देने वालों में यश पटेल, यश पारधी पंवार और विकास उर्फ बग्गा चौधरी के नाम शामिल हैं। आरोप है कि विकास ने वारदात के बाद घटना को सड़क हादसा दिखाने की साजिश में भी मदद की। पुलिस के मुताबिक, मामले का एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर के बाद रियांश के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने हट्टा थाने पहुंचकर घेराव किया और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग को लेकर हंगामा किया। थाने में बढ़ते तनाव के बीच परसवाड़ा विधायक मधु भगत वहां पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और शांत कराया। विधायक ने भरोसा दिलाया कि कोई भी कानून हाथ में न ले, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे साथ खड़े हैं और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए न्यायिक लड़ाई लड़ी जाएगी।