सागर, स्वाति सोलंकी। जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में गडोला गुसाईं गांव के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 33 अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी ग्रामीण कार्तिक मास के अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए गए थे और स्नान के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी हाईवे पर यह दुर्घटना हो गई। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गडोला गुसाईं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के वार्डों में जाकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तृत चर्चा की और सभी को उच्च स्तरीय एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। प्रबंधन द्वारा घायलों के समुचित उपचार के लिए डॉक्टरों की एक विशेष टीम भी गठित की गई है।
विधायक भूपेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवारों को शासन-प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। यदि किसी गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उन्नत उपचार के लिए बाहर भेजने या एयरलिफ्ट करने की आवश्यकता पड़ती है, तो उसकी भी तत्काल व्यवस्था की जाएगी।













