बांदा, अनवर रजा। जनपद में संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और जनसुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए मंडलीय जिला चिकित्सालय परिसर में सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अमित आसेरी की मौजूदगी में हुए इस अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल की शुरुआत हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन से हुई, जो दो मिनट तक गूंजता रहा। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैक आउट कराया गया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों, आम नागरिकों और चिकित्सालय स्टाफ ने तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर स्वयं को बचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

इसके बाद 'ऑल क्लियर' सायरन बजते ही राहत एवं बचाव दल सक्रिय हो गए। अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने आग पर काबू पाने, घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। इसके साथ ही ध्वस्त भवन के मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के रेस्क्यू ऑपरेशन का भी जीवंत प्रदर्शन किया गया।

इस संयुक्त अभ्यास में पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, नगर पालिका और परिवहन विभाग के साथ-साथ होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी जवानों और आपदा मित्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभ्यास के समापन पर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आपात स्थिति में सायरन बजने पर बिल्कुल न घबराएं, किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।