कटनी, सुमित पाण्डेय। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक शराब दुकान के सामने नाबालिगों के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि हरिजन बस्ती बस स्टैंड के पीछे रहने वाले अंकित नामक युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर नाबालिगों से मारपीट की। आरोपों के अनुसार, एक नाबालिग को पीटने के बाद उसे घुटनों के बल बैठाया गया और आरोपियों ने अपने पैरों में उसकी नाक रगड़वाई। इस दौरान अन्य युवकों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि नाबालिगों के साथ ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ पुलिस कब और क्या कदम उठाती है। साथ ही यह भी चर्चा है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी या नहीं। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में खासी चर्चा बनी हुई है।