छतरपुर, विनोद मिश्रा। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना में खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में किसान और उनके 10 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। करीब पांच घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ और पुलिस ने पहले ट्रैक्टर और फिर दोनों शवों को बाहर निकाला। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे के बाद सोमवार सुबह पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन, नीरज दीक्षित ने जिला अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
ज्ञात हो कि रविवार शाम करीब 4 बजे किसान संतोष यादव (35) अपने 10 वर्षीय बेटे दुर्गेश यादव के साथ जंगल हार स्थित खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर बेकाबू होकर खेत में बने करीब 70 फीट गहरे कुएं में गिर गया, जिसमें लगभग 20 फीट पानी भरा था। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद किसान की 12 वर्षीय बेटी राशि ने पिता और भाई को कुएं में गिरते देखा और शोर मचाकर परिजनों को खबर दी। पास के खेत में सिंचाई कर रहे बड़े भाई देशराज यादव तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें




सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद पहले ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया और फिर पिता-पुत्र के शवों को कुएं से निकाला जा सका।
हादसे की खबर मिलते ही देर रात क्षेत्रीय विधायक ललिता यादव और पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी के पुत्र मिक्की चतुर्वेदी घटनास्थल पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में डॉ. रवि सोनी ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी और पूर्व विधायक नीरज दीक्षित भी जिला अस्पताल पहुंचे और पीडि़त परिजनों से मिलकर दुख साझा किया व सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।











