भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ईटखेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत अरवलिया गांव में संयुक्त परिवार के भीतर हुए विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। यहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ संदिग्ध पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में तीनों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन शनिवार देर रात इलाज के दौरान मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि मां रुखसाना बी (37) ने पहले आधे दिन में ही बच्चों को स्कूल से जल्दी घर बुलाया, उन्हें प्यार से खाना खिलाया और उसके बाद इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।


देवरानी से आटा मांगने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, अरवलिया गांव में लोटस गार्डन के पीछे रहने वाली रुखसाना बी का विवाह फईम से हुआ था, जो धार्मिक शिक्षा देने के साथ-साथ मैकेनिक की दुकान चलाते हैं। परिवार में बेटी रुकईया (12 वर्ष), बेटा फैजल (8 वर्ष) और छोटे भाई की पत्नी (देवरानी) भी साथ रहती थीं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर देवरानी ने रुखसाना से आटा मांगा था, जिस पर घर में आटा कम होने की बात कहकर रुखसाना ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। जानकारी मिलने पर पति फईम ने पत्नी को समझाया और डांट भी लगाई थी।


शनिवार को फईम अपनी दुकान पर काम करने चला गया। दोपहर में रुखसाना ने आधे दिन में ही दोनों बच्चों की स्कूल से छुट्टी करा ली और घर ले आई। घर आकर उसने बच्चों को खाना खिलाया और फिर पानी में कोई संदिग्ध पदार्थ मिलाकर बच्चों को पिलाने के बाद स्वयं भी पी लिया। शाम को घर के भीतर से बच्चों की आवाजें आने पर पड़ोसियों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पड़ोसियों ने किसी तरह दरवाजा खोला, जहां तीनों की हालत बेहद गंभीर थी। तुरंत उन्हें हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद शनिवार देर रात तीनों ने दम तोड़ दिया।


पति, देवरानी और मायके पक्ष से पूछताछ शुरू

परिजनों ने शुरुआती तौर पर देवरानी के साथ हुए विवाद को ही इस आत्मघाती कदम का कारण बताया है। पुलिस ने पति फईम, देवरानी, मायके पक्ष के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है। भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज कुमार पांडे ने बताया कि सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना से जुड़े तथ्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्टों के आधार पर मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।