अनूपपुर। जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 (बुरहानपुर रोड) पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक बलकर (कैप्सूल वाहन) में पीछे से आ रहा लकड़ी से लदा तेज रफ्तार आयशर ट्रक जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार चालक तथा उसके सहयोगी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों के शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गए, जिनमें से एक शव को पुलिस ने बाहर निकाल लिया है, जबकि दूसरे शव को निकालने के लिए गैस कटर और कटिंग मशीन की मदद ली जा रही है।


रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ हादसा, ओडिशा से लकड़ी लेकर अनूपपुर जा रहा था ट्रक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच घटित हुई। ओडिशा से लकड़ी लोड कर महेंद्रगढ़ (छत्तीसगढ़) के रास्ते अनूपपुर की ओर जा रहा आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बलकर से टकरा गया। भिड़ंत की तीव्रता के कारण आयशर ट्रक का केबिन बुरी तरह दब गया, जिससे चालक और परिचालक अंदर ही फंस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।


डीजल खत्म होने से खड़ा था बलकर, हापुड़ (उप्र) के रहने वाले थे दोनों मृतक

कोतमा थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला ने बताया कि मृतकों की पहचान चालक मोहम्मद शाहिद और उसके सहयोगी मोहम्मद सुल्तान के रूप में हुई है। दोनों की आयु लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच थी और वे उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले स्थित पलवाड़ा गांव के निवासी थे। थाना प्रभारी के मुताबिक, सड़क किनारे खड़ा बलकर वाहन डीजल खत्म होने के कारण रोका गया था, जिसका चालक शुक्कु कोल (निवासी नौराजाबाद, जिला उमरिया) है। दोनों ही वाहन अनूपपुर की दिशा में जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में आयशर ट्रक का चालक सड़क किनारे खड़े बलकर को समय रहते देख नहीं पाया, जिसके चलते यह जानलेवा टक्कर हो गई।


कटर मास्टर की मदद से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन, पुलिस जांच में जुटी

हादसे की सूचना मिलते ही कोतमा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक शव को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाल लिया है, वहीं दूसरा शव लोहे के ढांचे में बुरी तरह फंसा होने के कारण मौके पर कटिंग मशीन और कटर मास्टर को बुलाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।