ग्वालियर। ग्वालियर सेंट्रल जेल में निरुद्ध कैंसर पीड़ित बंदी नरहरि को उपचार के लिए दिल्ली एम्स (AIIMS) भेजने में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जेल प्रशासन द्वारा बंदी को सुरक्षा के साथ दिल्ली ले जाने के लिए 10 मार्च से 3 नवंबर 2026 के बीच 34 बार पत्र लिखे जाने के बावजूद पुलिस लाइन से सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके चलते बंदी निर्धारित तिथि पर एम्स नहीं पहुंच सका और उसका महत्वपूर्ण फॉलोअप छूट गया। मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने न्यायालय में शपथपत्र पेश कर स्पष्टीकरण दिया और किसी भी अनजानी चूक के लिए बिना शर्त माफी मांगते हुए उदारता बरतने का अनुरोध किया। वहीं, इस मामले में रक्षित निरीक्षक (RI) रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को 26 नवंबर को निलंबित कर पुलिस लाइन से अटैच कर दिया गया है।
पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज थे जेल के 34 पत्र, फिर भी नहीं मिला सुरक्षा गार्ड
एसएसपी के शपथपत्र के अनुसार, जेल अधीक्षक द्वारा बंदी नरहरि को दिल्ली ले जाने के लिए सशस्त्र या सामान्य सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने हेतु भेजे गए पत्र पुलिस के रिकॉर्ड में मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पत्र पुलिस लाइन पहुंचने के बाद आरक्षक देवेंद्र भदौरिया ने फाइल आगे नहीं बढ़ाई और आरआई रणजीत सिंह सिकरवार ने भी अपने दायित्व का निर्वहन नहीं किया, जिससे सुरक्षा बल नहीं मिल सका। जानकारी के मुताबिक, बंदी नरहरि कैंसर से ग्रसित है और उसका उपचार दिल्ली एम्स में चल रहा था। 4 दिसंबर 2025 की जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे 12 मार्च 2026 को फॉलोअप के लिए बुलाया था, लेकिन गार्ड न मिलने से वह समय पर नहीं जा सका। बाद में जयारोग्य अस्पताल (JAH) के डॉक्टरों ने भी उसे आगे की जांच व इलाज के लिए एम्स दिल्ली रेफर किया था। मामले की विस्तृत जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को सात दिन का समय दिया गया है।
ये भी पढ़ें




एसएसपी ने शपथपत्र में कहा— पूरे तथ्य नहीं बताए गए थे
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने न्यायालय में प्रस्तुत शपथपत्र में कहा कि दस्तावेजों से जुड़े सभी तथ्य और परिस्थितियां उन्हें पूरी तरह नहीं बताई गई थीं। उन्होंने बताया कि वे 26 अक्टूबर से 20 नवंबर तक राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में प्रशिक्षण पर थे और 21 नवंबर को लौटकर कार्यभार संभाला। उन्होंने 24 नवंबर को संबंधित अधिकारी को प्राथमिक जांच के पूरे तथ्य व रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए थे तथा कोर्ट को आश्वस्त किया कि वे न्यायालय के आदेशों का सदैव पालन करते आए हैं और आगे भी करेंगे। शपथपत्र के अनुसार, पुलिस मुख्यालय को भेजे गए रिकॉर्ड और रिपोर्ट में तथ्य छिपाए जाने के संबंध में DGP से निर्देश मांगे गए हैं। पुलिस मुख्यालय संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब कर रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













