भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ऑनलाइन व्यवस्था में कथित गड़बड़ी और गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी होने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। प्रदेशभर में चर्चा का विषय बने इस प्रकरण में अब जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराने की मांग तेज हो गई है। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ता राजधानी के टीटी नगर थाने पहुंचे और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
गौरतलब है कि काउंसिल की ऑनलाइन पंजीयन प्रणाली और दस्तावेज सत्यापन की खामियों को सामने लाने के लिए एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने पूर्व में एक परीक्षण किया था। इस दौरान 'डंकी' नाम और गधे की तस्वीर के साथ नर्सिंग रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा किया गया था। संगठन का दावा है कि निर्धारित शुल्क जमा होते ही काउंसिल की ओर से रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया गया। इस मामले के उजागर होने के बाद नर्सिंग काउंसिल की कार्यप्रणाली और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।
ये भी पढ़ें




अब इसी मामले में लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ता टीटी नगर थाने पहुंचे। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जल्द से जल्द मामला दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है, जिसके बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई तय होगी।













