मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। भानपुरा थाना क्षेत्र के कंवला गांव में गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार धमाके से मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में घर में मौजूद एक युवक की मौत हो गई, जबकि धमाके के बाद मकान के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कंवला गांव स्थित एक मकान में अचानक गैस सिलेंडर में आग भड़क गई और देखते ही देखते तेज ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान का ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के समय घर में मौजूद एक शख्स आग और मलबे की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरा थाना पुलिस और प्रशासन का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।















