भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। भोपाल क्राइम ब्रांच ने इस प्रकरण में जांच का दायरा बढ़ाते हुए अब पीसी शर्मा से पूछताछ करने का निर्णय लिया है। पुलिस उन्हें नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए तलब करेगी। जांच के दौरान यह भी पड़ताल की जाएगी कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ किसने की और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के पीछे क्या आधार था।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
इस मामले में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने 24 नवंबर को क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी और पीसी शर्मा के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। क्राइम ब्रांच के अनुसार, पिपलानी निवासी संतोष वर्मा ने भी इस संबंध में शिकायत की थी। उनका आरोप है कि नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है और इसे पीसी शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी साझा किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को नितिन नवीन का मूल वीडियो भी सौंपा है। आरोप है कि मूल वीडियो में छेड़छाड़ कर नया वीडियो तैयार किया गया और प्रसारित किया गया, जिससे जनता को गुमराह करने का प्रयास हुआ तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुईं। अब पुलिस मूल वीडियो और वायरल वीडियो का तकनीकी परीक्षण कराएगी, ताकि दोनों के अंतर और कथित छेड़छाड़ की सच्चाई सामने आ सके।
चंडीगढ़ कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा वायरल वीडियो
वायरल वीडियो में नितिन नवीन चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि पाकिस्तान के मंत्री डेलीगेट्स के रूप में भारत आ रहे हैं और यह निर्णय भारत ने चीन के दबाव में लिया है। पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता की जांच करेगी, वहीं पीसी शर्मा से पूछताछ में यह जानने का प्रयास होगा कि उन्हें यह वीडियो कहां से मिला, साझा करने से पहले सत्यता की जांच की गई थी या नहीं और इसे पोस्ट करने का आधार क्या था।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि उन्हें समाचार पत्रों से जानकारी मिली कि नितिन नवीन से जुड़ा वीडियो उनके फेसबुक पेज से साझा किया गया है, जबकि यह वीडियो पहले से ही विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अनेक अकाउंट्स पर चल रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो का निर्माण उन्होंने नहीं किया, बल्कि केवल सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो साझा किया था। उन्होंने आग्रह किया कि बिना निष्पक्ष जांच के उनके विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई करना उचित नहीं है और क्राइम ब्रांच वीडियो के मूल स्रोत, निर्माणकर्ता तथा प्रसार की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे।















