भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बैंकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे पीड़ितों की राशि लौटाने में अनावश्यक देरी न करें और बिना उचित आधार के बैंक खाते फ्रीज करने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में शिकायतों का निराकरण नहीं करने तथा लापरवाही बरतने वाले बैंक अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
MRM और GRM पोर्टल के जरिए पीड़ितों को वापस हुए ₹7.9 करोड़
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) और शिकायत निवारण मॉड्यूल (GRM) पोर्टल की प्रगति तथा प्रदेशभर में इनके क्रियान्वयन की समीक्षा की। जानकारी के अनुसार, दोनों पोर्टल अप्रैल 2026 में शुरू किए गए थे और इनके माध्यम से अब तक साइबर ठगी के पीड़ितों को 7.9 करोड़ रुपये वापस कराए जा चुके हैं। समीक्षा में बताया गया कि GRM पोर्टल पर अब तक 3,200 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 800 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। इस पोर्टल पर मुख्य रूप से उन लोगों की शिकायतें दर्ज होती हैं, जिनकी राशि बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है या जिनके खातों पर की गई कार्रवाई को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है।
इंदौर में गलत तरीके से राशि रोकने के मामले में कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान इंदौर के एक मामले में खाताधारक की राशि गलत तरीके से रोके जाने और शिकायत का निराकरण न किए जाने का विषय सामने आया। मुख्य सचिव ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि बैंक खातों पर किसी भी तरह की कार्रवाई करने से पहले तथ्यों का भली-भांति परीक्षण किया जाए और नियमानुसार निर्धारित प्रक्रिया ही अपनाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित आधार के खाते फ्रीज करने या राशि रोकने से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

















