बालाघाट, रितेश सोनी। दक्षिण बैहर क्षेत्र के ग्राम बोंडारी में मलेरिया से एक वर्षीय बैगा बालक हरैल की मौत का मामला सामने आया है। मासूम की मौत के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोंडारी निवासी शाहरू बैगा का एक वर्षीय पुत्र हरैल मलेरिया से पीड़ित था। उपचार और रोकथाम को लेकर सामने आई इस घटना ने आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति और मलेरिया नियंत्रण के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के बीच यह चर्चा है कि आखिर मैदानी अमला कहां था और गांव में समय रहते जांच व उपचार की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी। इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जवाबदेही को कटघरे में ला खड़ा किया है। मांग की जा रही है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि आदिवासी क्षेत्रों में भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।















