मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान कलेक्टर दिव्यांक सिंह शुक्रवार को अचानक सिविल अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। कलेक्टर के अचानक अस्पताल पहुंचने से प्रबंधन और स्टाफ में हलचल मच गई। उन्होंने विभिन्न विभागों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य बुनियादी इंतजामों की बारीकी से जांच की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से वर्तमान व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली।
इस दौरान मरीजों की जांच अस्पताल के बाहर कराए जाने से जुड़ा मामला सामने आने पर कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सिविल सर्जन को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और कहा कि उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं देना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। यदि मरीजों को जांच के लिए बाहर जाना पड़ता है, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
निरीक्षण के बाद अब यह देखना अहम होगा कि कलेक्टर की फटकार और औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है और मरीजों को सेवाओं का कितना बेहतर लाभ मिल पाता है।













