रायगढ़//छत्तीसगढ़ (रोहित तिर्की) - धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के बरतापाली जंगल में एक हाथी मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर बिजली का करंट लगने से हाथी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।


मिली जानकारी के अनुसार, बरतापाली जंगल में हाथी का शव मिलने की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


फिलहाल हाथी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होना माना जा रहा है। हालांकि, हाथी की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।