पन्ना, अमित सिंह राठौर। देवेंद्रनगर तहसील के ग्राम मखरा निवासी राम लगन दुबे पिता द्वारका प्रसाद दुबे ने कलेक्टर को आवेदन देकर राजस्व अधिकारियों पर कमिश्नर के स्थगन आदेश की तामीली न करने का आरोप लगाया है। आवेदक के अनुसार, वे पिछले छह माह से न्याय के लिए परेशान हैं।


आवेदन में बताया गया है कि ग्राम मखरा स्थित खसरा क्रमांक 265, रकवा 0.65 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेख में मध्य प्रदेश शासन के नाम दर्ज है। आवेदक का दावा है कि इस भूमि पर वर्ष 1965 से उनके परिवार का कब्जा चला आ रहा है, जो हस्तलिखित खसरे में भी दर्ज है, और वे खेती कर रहे हैं। आरोप है कि ग्राम पंचायत रानीपुर की सरपंच ने चुनावी रंजिश के चलते कथित रूप से पैसे लेकर शासकीय भूमि को आबादी घोषित कराया और मनमाने तरीके से कृषि पट्टे जारी करवा दिए, जबकि संबंधित लोगों के पास पहले से कृषि भूमि और मकान हैं।

आवेदक के मुताबिक, पहले एसडीएम और तहसीलदार को आवेदन दिए गए, लेकिन राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आयुक्त सागर संभाग के न्यायालय में अपील की। अपर आयुक्त ने अपील क्रमांक 248/वर्ष 2025-26 में 16 जून को प्रकरण दर्ज कर स्थगन आदेश जारी किया था। आवेदक का आरोप है कि स्थगन आदेश के बावजूद एसडीएम और तहसीलदार ने इसकी तामीली नहीं कराई और दूसरी ओर प्रतिपक्ष द्वारा विवादित भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। पीड़ित ने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।