छतरपुर/पन्ना। सियासी रसूख और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की आड़ में पन्ना शहर के बीचों-बीच गुंडागर्दी व अवैध वसूली करने वाले हिस्ट्रीशीटर अवधेश त्रिवेदी उर्फ खुन्ना की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पन्ना के मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी (CJM) न्यायालय ने अपराध की गंभीरता, लंबे आपराधिक इतिहास और फरार सह-आरोपी पुत्र अंकुर त्रिवेदी द्वारा शिकायतकर्ता को लगातार धमकाने व कट्टे की नोक पर झूठे दस्तावेज तैयार कराने जैसे गंभीर कृत्यों को देखते हुए खुन्ना त्रिवेदी का जमानत आवेदन निरस्त कर दिया है।

वहीं दूसरी ओर, पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहे उसके बेटे एवं पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अंकुर त्रिवेदी की दबंगई अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को फरियादी ने छतरपुर रेंज के डीआईजी, छतरपुर व पन्ना पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित थाना प्रभारियों को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि फरार अंकुर त्रिवेदी अलग-अलग नंबरों से फोन कर राजीनामा करने का दबाव बना रहा है और बात न मानने पर जान से मारने की खुली धमकी दे रहा है।


फरियादी ने डीआईजी से लेकर एसपी बताई अंकुर त्रिवेदी के आतंक की कहानी

प्राप्त जानकारी के अनुसार छतरपुर निवासी शिकायतकर्ता ने शुक्रवार को पुलिस के आला अधिकारियों को सौंपे आवेदन में अपनी जान का खतरा बताते हुए सनसनीखेज खुलासे किए हैं। फरियादी के अनुसार, 30 अक्टूबर को पन्ना के मेनका टॉकीज क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन भवन में हुई मारपीट और रंगदारी के मामले में कोतवाली थाना पन्ना में अपराध क्रमांक 0838/26 दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अंकुर त्रिवेदी उसे अलग-अलग अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर राजीनामा करने का दबाव बना रहा है।

शिकायत में बताया गया है कि बीते 14 नवंबर को अंकुर त्रिवेदी ने बातचीत के बहाने फरियादी और उसके तीन साथियों को पन्ना बुलाया और वहां से पकड़कर अपने निवास रानीबाग कोठी ले गया। वहां पहले से मौजूद अवधेश त्रिवेदी और 10-15 अन्य लोगों ने चारों पर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। मना करने पर अंकुर त्रिवेदी ने शिकायतकर्ता पर कट्टा तान दिया और जान से खत्म करने की धमकी देते हुए जबरन कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए तथा दोबारा पन्ना में दिखने पर जान से मारने की चेतावनी दी। इस संबंध में फरियादी ने 16 व 24 नवंबर को शपथ पत्र के साथ कोतवाली पन्ना व एसपी पन्ना को शिकायत दी थी और 24 नवंबर को विवेचक के समक्ष वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ बयान भी दर्ज कराया था।

आरोप है कि बयान दर्ज होने के बाद से अज्ञात व्यक्ति शिकायतकर्ता को ढूंढते हुए छतरपुर स्थित उसके घर तक आ चुके हैं। यही नहीं, बीते 25 नवंबर की सुबह और फिर 26 नवंबर को आरोपी अंकुर त्रिवेदी ने फरियादी को कॉल कर देख लेने और राजीनामा न करने पर जिंदगी भर पछताने की धमकी दी। पीड़ित ने इन कॉल के स्क्रीनशॉट साक्ष्य के रूप में छतरपुर रेंज के डीआईजी, एसपी छतरपुर, एसपी पन्ना, थाना सिविल लाइन छतरपुर और थाना कोतवाली पन्ना को सौंपते हुए अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है और स्पष्ट कहा है कि भविष्य में उसके साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर अंकुर त्रिवेदी और उसका पिता अवधेश उर्फ खुन्ना जिम्मेदार होंगे।


यह है पूरा मामला

उल्लेखनीय है कि यह पूरा विवाद पन्ना के बेनीसागर मोहल्ले में पुरानी मेनका टॉकीज के पास चल रहे एक निर्माण कार्य से जुड़ा है। 30 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे अवधेश त्रिवेदी उर्फ खुन्ना, उसका बेटा अंकुर त्रिवेदी, वीरेंद्र उर्फ विकास शुक्ला और अरुणोदय त्रिवेदी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे थे और बिल्डिंग मालिक से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता और अन्य मजदूरों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी तथा सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी पत्थर व डंडों से चकनाचूर कर दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खुन्ना त्रिवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि उसका बेटा अंकुर अभी भी फरार है।


खुन्ना त्रिवदी और अंकुर त्रिवेदी का लंबा आपरा​धिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जेल में बंद अवधेश त्रिवेदी उर्फ खुन्ना का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और अकेले उस पर विभिन्न थानों में करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही इस पिता-पुत्र की जोड़ी पर पन्ना जिले के करीब 40 से अधिक आदिवासी और दलित परिवारों की लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य की पुश्तैनी व सरकारी पट्टे की जमीनों को धोखाधड़ी कर हड़पने के गंभीर आरोप भी हैं। आरोप है कि आरोपियों ने पहले अपने एक आदिवासी मजदूर को मोहरा बनाकर दर्जनों आदिवासियों की जमीनें उसके नाम दर्ज कराईं और बाद में उन्हें अपने परिवार के सदस्यों के नाम ट्रांसफर करा लिया। यह मामला वर्तमान में पन्ना की विशेष अदालत में विचाराधीन है। अब न्यायालय द्वारा खुन्ना की जमानत खारिज किए जाने के बाद पुलिस पर फरार चल रहे अंकुर त्रिवेदी की तत्काल गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है।