छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के पन्ना रोड पर रेलवे स्टेशन के पास घनी आबादी वाले रहवासी क्षेत्र में संचालित हो रहे गैस गोदाम ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। नियमों को दरकिनार कर रिहायशी इलाके में चलाए जा रहे इस गोदाम के कारण क्षेत्रवासियों को हर पल किसी बड़े हादसे का डर सता रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर यह गैस गोदाम बना है, उसके ठीक नजदीक रेलवे स्टेशन, कई निजी स्कूल-कॉलेज और मैरिज हाउस स्थित हैं। इसके चलते दिनभर इस मार्ग पर स्कूली बच्चों, यात्रियों और आम नागरिकों की भारी आवाजाही रहती है। गोदाम में गैस सिलेंडरों से भरे वाहनों का लगातार आना-जाना लगा रहता है, जिससे कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि गोदाम में आगजनी या गैस रिसाव जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। यदि जरा सी भी लापरवाही हुई, तो यह पूरे इलाके के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। रहवासी क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण पर प्रतिबंध होने के बावजूद खाद्य विभाग द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से गोदाम संचालक बेखौफ हैं। अब स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर गोदाम को तत्काल आबादी से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई न होने पर वे जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपेंगे।















