पन्ना, अमित सिंह राठौर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से पन्ना और छतरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय 'संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम' का आयोजन किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर 28 और 29 नवंबर 2026 को खजुराहो के राजनगर रोड स्थित हॉलीडे रिसॉर्ट में संपन्न होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दीपक तिवारी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में पन्ना और छतरपुर जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और मंडलम पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य पार्टी संगठन को धार देना, कार्यकर्ताओं को वैचारिक व संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों व गतिविधियों के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन 29 नवंबर को मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इन शीर्ष नेताओं के साथ प्रदेश और जिले के अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और उन्हें आगामी कार्ययोजना के लिए मार्गदर्शन देंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के अध्यक्ष अनीस खान और छतरपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव ने संयुक्त रूप से सभी पदाधिकारियों से अपील की है। दोनों जिलाध्यक्षों ने वरिष्ठ नेताओं के भव्य स्वागत और प्रशिक्षण शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।













