पन्ना, अमित सिंह राठौर। उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट में करीब तीन वर्षीय बाघिन के शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच के दौरान ग्रामीणों और वन विभाग के बीच तनाव की स्थिति बन गई। संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने रास्ता रोककर हंगामा किया, सरकारी वाहनों के टायरों की हवा निकाली और वनकर्मियों को घंटों बंधक बनाए रखा। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हो सका।

जानकारी के अनुसार, मनकी बीट में एक दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में बाघिन का शव मिला था। बाघिन के गले पर लाल निशान और टूटा क्लच वायर मिलने से फंदे में फंसकर शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की पड़ताल के लिए सतना और पन्ना की डॉग स्क्वॉड टीमों ने घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर राजस्व पट्टे की कृषि भूमि और झोपड़ी तक पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इसी आधार पर वन विभाग ने पूछताछ के लिए रम्मू आदिवासी और दिलदार आदिवासी सहित कुल पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया।


कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और वन कर्मियों को घेरकर बंधक बना लिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पन्ना कोतवाली टीआई हेमंत नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समझाइश के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। इसके बाद बाघिन के शव को स्मृति वन लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।