बालाघाट, रितेश सोनी। वारासिवनी की विशेष पॉक्सो अदालत ने चार वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में रिश्ते के चाचा को दोषी ठहराते हुए दो अलग-अलग धाराओं में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने 26 नवंबर को यह फैसला सुनाते हुए आरोपी पर कुल 4 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है और पीड़ित बच्ची को 4 लाख रुपये प्रतिकर राशि प्रदान करने के आदेश भी दिए हैं।

अभियोजन के अनुसार यह घटना 7 अक्टूबर 2023 की है। पीड़ित बच्ची अपनी मां के साथ पड़ोस में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर गई थी। आंगन में परिवार की महिलाएं आपस में बातचीत कर रही थीं, जबकि 24 वर्षीय आरोपी लक्ष्मीप्रसाद उर्फ सोनू सपाटे बच्ची के साथ खेल रहा था। कुछ समय बाद आरोपी कमरे के भीतर चला गया और मासूम भी उसके पीछे कमरे में चली गई। करीब आधे घंटे बाद जब बच्ची बाहर निकली तो उसके कपड़े गीले थे और वह काफी घबराई हुई थी।


मां द्वारा स्नेहपूर्वक पूछने पर बच्ची ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों ने लालबर्रा थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना पूर्ण की और न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया।

मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश कविता इवनाती के न्यायालय में हुई। उपलब्ध साक्ष्यों और अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक ऋतुराज कुमरे द्वारा की गई पैरवी के आधार पर न्यायालय ने लक्ष्मीप्रसाद उर्फ सोनू सपाटे को दोषी करार दिया। अदालत ने पॉक्सो एक्ट की दो धाराओं में आजीवन कारावास और प्रत्येक धारा में 2-2 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।