छतरपुर, शिवम सोनी। जिले की ग्राम पंचायत बरकौहां में पंचायत के कार्यों को लेकर पहुंची जांच टीम के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है, जिसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। एक ओर सरपंच उमा यादव के प्रतिनिधि प्रीतम यादव ने पूर्व सरपंच रामचरण यादव और उनके साथियों पर जांच टीम, अधिकारियों के वाहन तथा बीच-बचाव करने आए एक युवक पर डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। प्रीतम यादव का कहना है कि पंचायत में काम न होने की शिकायत पर जिला पंचायत सीईओ द्वारा मनरेगा टीम व अन्य अधिकारियों की जांच टीम गठित की गई थी, जो गांव में जांच करने पहुंची थी, इसी दौरान पूर्व सरपंच पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर दबाव बनाने, गाली-गलौज करने और अधिकारियों की गाड़ी रोकने की कोशिश की, जिससे अधिकारियों को सुरक्षित निकलना पड़ा और गांव के एक युवक को चोट आई।
दूसरी ओर, शिकायतकर्ता पक्ष से पूर्व सरपंच रामचरण यादव ने आरोप लगाया कि उन्होंने पंचायत में कामों को लेकर शिकायत की थी, जिस पर जांच टीम गांव गई थी, लेकिन वहां काम न मिलने और बातचीत के दौरान विवाद बढऩे पर प्रीतम, उनके भाई, पुष्पेंद्र, मुन्नी, रवि, रामस्वरूप पटेल, हरवेन पटेल सहित अन्य लोगों ने उन पर और परिवार की महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट की। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है, वहीं पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
















