नई दिल्ली। मालदीव ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में आयोजित इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आईओआरए) की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में उभरते खतरों से निपटने के लिए क्षेत्रीय देशों की अधिक मजबूत और प्रभावी आवाज की आवश्यकता पर जोर दिया।मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशाम आदम ने पदभार संभालने के बाद पहली बार आईओआरए बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि संगठन को वर्तमान चुनौतियों के लिए व्यावहारिक समाधान उपलब्ध कराने वाला प्रभावी मंच बनना चाहिए।
मालदीव के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इरुथिशाम आदम ने अपने संबोधन में बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं का जिक्र करते हुए हिंद महासागर क्षेत्र में विकसित हो रहे खतरों से निपटने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मालदीव के लोगों की आजीविका सुरक्षित समुद्री मार्गों और जलक्षेत्रों पर निर्भर करती है, इसलिए क्षेत्रीय स्थिरता देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आईओआरए को मौजूदा चुनौतियों के समाधान के लिए ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने चाहिए तथा संगठन के अब तक के प्रयासों की सराहना की।
मालदीव के विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक में आईओआरए के 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदार देशों के मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने संगठन के चार्टर में निहित उद्देश्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले 25 और 26 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की समिति की 29वीं बैठक भी आयोजित की गई थी
बयान में कहा गया कि वर्ष 1997 में स्थापित आईओआरए हिंद महासागर से जुड़े देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग और सतत विकास को बढ़ावा देने वाला प्रमुख अंतर-सरकारी संगठन है। मालदीव 8 नवंबर 2019 को इसका 22वां सदस्य देश बना था।
बैठक में तंजानिया का प्रतिनिधित्व भारत में उसकी उच्चायुक्त अनिसा मबेगा ने किया। उन्होंने तंजानिया के विदेश एवं पूर्वी अफ्रीकी सहयोग मंत्री महमूद थाबित कॉम्बो की ओर से भाग लिया।
तंजानिया के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर बताया कि वर्ष 2025-2027 के लिए आईओआरए की अध्यक्षता कर रहे भारत ने इस बैठक का आयोजन हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता" विषय के तहत किया।
बैठक में समुद्री सुरक्षा और परिवहन को मजबूत करने, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, ब्लू इकोनॉमी को आगे बढ़ाने, समुद्री संसाधनों के टिकाऊ प्रबंधन और व्यापार व आपूर्ति शृंखलाओं के सुचारू संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
आईओआरए के संवाद साझेदार देशों में शामिल तुर्किये का प्रतिनिधित्व उप विदेश मंत्री बेरीस एकिंची ने किया। तुर्किये के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर बताया कि उप विदेश मंत्री और राजदूत बेरीस एकिंची ने भारत की मेजबानी में आयोजित आईओआरए मंत्रिपरिषद की 25वीं बैठक में तुर्किये का प्रतिनिधित्व किया और अपने देश का वक्तव्य प्रस्तुत किया।












