बांदा, अनवर रजा। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसडीएम सदर अवनीश कुमार ने सात बीएलओ समेत कुल 14 कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है।
पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा के दौरान सामने आया कि सात बूथों पर फार्म-6 की संख्या शून्य रही। समीक्षा में बीएलओ नेहा मिश्रा द्वारा एक भी फार्म जमा न किए जाने और संतोष कुमार गुप्ता द्वारा केवल दो फार्म दिए जाने की स्थिति मिली। इसके अलावा सात अन्य कर्मचारियों के मोबाइल फोन बंद पाए गए और उनके स्तर से कोई कार्य नहीं किया गया।
कार्रवाई की संस्तुति किए गए कर्मियों में सुपरवाइजर और लेखपाल भी शामिल हैं। एसडीएम सदर ने निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और बीएलओ को नियमित रूप से क्षेत्र में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पात्र मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करने और उनकी समय पर फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
















