भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे क्रमांक 552 पर फरदुआ मोड़ के समीप शुक्रवार तड़के एक 20 वर्षीय युवती का शव सड़क पर पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दबोह के वार्ड क्रमांक 15 स्थित कुरचानिया मोहल्ला निवासी रीना विश्वकर्मा (पिता स्व. जगमोहन विश्वकर्मा) के रूप में हुई है। युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त मिलने और गले पर निशान पाए जाने के कारण उसकी मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने तथा किसी वाहन से शव लाकर यहां फेंके जाने या चलते वाहन से गिराए जाने की आशंका जताई जा रही है।


गुरुवार शाम से घर से लापता थी रीना, तड़के 3 से 4 बजे के बीच राहगीरों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, रीना गुरुवार शाम से अपने घर से लापता थी। शुक्रवार सुबह करीब 3:00 से 4:00 बजे के बीच फरदुआ मोड़ से गुजर रहे राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल दबोह पुलिस को सूचित किया। सूत्रों के मुताबिक, रीना की शादी आगामी अप्रैल माह में उत्तर प्रदेश के माधौगढ़ में तय हुई थी। वह अपनी मां के साथ दबोह के कुरचानिया मोहल्ले में रहती थी; उसके पिता की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसके दो भाई महाराष्ट्र में रहते हैं। युवती की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस अब युवती की मां और अन्य परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गुरुवार शाम घर से निकलने के बाद वह कहां गई थी और किन लोगों के संपर्क में थी।


लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने किया घटनास्थल का मुआयना

वारदात की जानकारी मिलते ही लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से मुआयना कर स्थानीय पुलिस से घटनाक्रम की जानकारी ली। दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि युवती की मौत के मामले में प्रथम दृष्टया मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।