छतरपुर, शिवम सोनी। छतरपुर जिले के बड़ामलहरा में बरात के दौरान हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद मामला गरमा गया है। इस घटना में नगर परिषद बड़ामलहरा की अध्यक्ष व बीजेपी नेत्री निशा राजे तथा बीजेपी नेता आनंद सिंह बुंदेला के पुत्र रोहित सिंह बुंदेला पर कार चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर बड़ामलहरा थाने में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी दशरथ अहिरवार पिता चिरोंजी लाल अहिरवार, निवासी अमानगंज मोहल्ला बाई पास रोड, वार्ड क्रमांक 12, थाना कोतवाली छतरपुर) अपने बड़े भाई ग्यादीन अहिरवार के पुत्र प्रवीण अहिरवार की बरात में 25 नवंबर 2026 को छतरपुर से बड़ामलहरा आए थे। रामबाग मैरिज गार्डन के बाहर लड़के का टीका हो रहा था। इसी दौरान रात करीब 12:08 बजे सागर रोड की ओर से आई सफेद कार (क्रमांक एमपी16 जेडएल 6062) के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गार्डन के सामने वाले गेट के पास शनि मंदिर की ओर सड़क किनारे खड़े पुष्पेंद्र उर्फ कालू अहिरवार को टक्कर मार दी।


हादसे में पुष्पेंद्र उर्फ कालू अहिरवार सिर के बल सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद चालक कार क्रमांक एमपी16 जेडएल 6062 को तेजी से भगाकर बड़ामलहरा की ओर ले गया। लोगों ने पीछा कर चालक की पहचान रोहित सिंह बुंदेला के रूप में होने का दावा किया है, जिसे नगर परिषद अध्यक्ष निशा राजे का पुत्र बताया जा रहा है।

घायल पुष्पेंद्र को परिजन कार से बड़ामलहरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है तथा निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच जारी है।