भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में शुक्रवार को मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन भारत की भिड़ंत मलेशिया से होगी। नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम 7:00 बजे से शुरू होने वाले इस अहम नॉकआउट मुकाबले में भारतीय टीम की निगाहें फाइनल का टिकट कटाने पर टिकी हैं।लीग स्टेज के अपने सभी पांचों मुकाबले जीतकर 15 अंकों के साथ शीर्ष पर रहने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने लगातार दूसरी बार खिताब बचाने और रिकॉर्ड चौथी बार चैंपियन बनने की चुनौती है।
अजेय अभियान और +19 का गोल अंतर बना भारत की ताकत
मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक रणनीति और मजबूत डिफेंस का बेहतरीन संतुलन दिखाया है। भारत ने लीग स्टेज के 5 मैचों में कुल 23 गोल दागे और विपक्षी टीमों को केवल 4 गोल ही करने दिए, जिससे टीम का गोल अंतर +19 रहा। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला हॉकी टीम ऐतिहासिक रूप से FIH रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। भारतीय आक्रमण की धुरी बनकर उभरीं दीपिका अब तक 8 गोल के साथ टॉप स्कोरर हैं, जिसमें थाईलैंड और चीन के विरुद्ध लगाई गई दो हैट्रिक शामिल हैं। उनके अलावा लालरेमसियामी, नवनीत कौर, मुमताज खान, नेहा, साक्षी राणा और सुनेलिता टोप्पो ने भी गोल कर अहम भूमिका निभाई है। मिडफील्ड में नवनीत कौर मौके बनाने और पेनल्टी कॉर्नर अर्जित करने में माहिर साबित हुई हैं, जबकि कप्तान सलीमा टेटे अपनी तेज मूवमेंट और सटीक पासिंग से टीम को मजबूती दे रही हैं।
ये भी पढ़ें




आखिरी छह मिनट में चार गोल दागकर सेमीफाइनल में पहुंचा मलेशिया
मलेशिया ने लीग चरण में 7 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया। मलेशिया ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला और दक्षिण कोरिया को 3-1 से पराजित किया। अपने अंतिम लीग मैच में थाईलैंड के खिलाफ 4-0 की जीत में मलेशिया ने सभी चारों गोल मैच के आखिरी छह मिनट में दागे, जो अंतिम क्षणों तक उसकी आक्रामकता को दर्शाता है। मलेशिया के लिए नुरामिराह जुल्किफ्ली (4 गोल) प्रमुख स्कोरर हैं, जबकि नूर अजार, अजमीरा अजैरी, सिटी मोहम्मद और नूरमैजातुल स्याफी भी गोल कर चुकी हैं। ऐसे में भारतीय डिफेंस को पूरे 60 मिनट सतर्क रहना होगा। इस टूर्नामेंट में इससे पहले 19 नवंबर को खेले गए लीग मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था। भारतीय महिला टीम अब तक 2016, 2023 और 2024 में तीन बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुकी है और फिलहाल तीन खिताबों के साथ दक्षिण कोरिया की बराबरी पर है। यदि भारत भोपाल में खिताब जीतने में सफल रहता है, तो वह चार खिताबों के साथ इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बन जाएगी।













