ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के बड़ा गांव इलाके में गुरुवार को एक आवारा कुत्ते ने घर के बाहर चबूतरे पर बैठी 4 वर्षीय बच्ची पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से बच्ची के गाल की त्वचा बुरी तरह फट गई और नाक व पैरों पर भी जख्म आए हैं। चीख-पुकार सुनकर जब मां उसे बचाने पहुंचीं, तो कुत्ते ने उन पर भी टूट पड़ते हुए गर्दन, हाथ और पैरों पर काट लिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और बच्ची के पिता मौके पर पहुंचे, जिन्होंने बड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को भगाया। गनीमत रही कि इस खौफनाक हमले में बच्ची की आंख सुरक्षित बच गई। दूसरी ओर, शहर में डॉग बाइट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं—गुरुवार को ही ग्वालियर के तीन प्रमुख सरकारी अस्पतालों में 286 मरीज कुत्ते के काटने का इलाज कराने पहुंचे।
पानी लेने घर के अंदर गई थीं मां; बाहर चबूतरे पर बच्ची को नोच रहा था कुत्ता
जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त बच्ची की मां त्रिवेणी पानी लेने के लिए घर के अंदर गई थीं और उन्होंने अपनी चार साल की बेटी को बाहर चबूतरे पर बैठाया था। इसी बीच वहां पहुंचे एक आवारा कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया। जब त्रिवेणी बाहर आईं, तो देखा कि कुत्ता बच्ची का गाल नोच रहा है और त्वचा लटक गई है। मां लकड़ी लेकर कुत्ते को भगाने दौड़ीं, लेकिन कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया और उनकी गर्दन, हाथ व पैरों पर काट लिया। शोर मचने पर आसपास के लोग व पिता पहुंचे और कुत्ते को खदेड़ा। घायल बच्ची को मुरार स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गाल पर 8 टांके लगाए गए। बेहतर इलाज और प्लास्टिक सर्जरी के लिए उसे जयारोग्य अस्पताल (JAH) रेफर किया गया है, जहां शुक्रवार को भी उसका उपचार जारी है। मां के मुताबिक, बच्ची की नाक पर भी दांतों के निशान हैं और वह घटना के बाद से गहरे सदमे में है।
ये भी पढ़ें




एक दिन में तीन अस्पतालों में पहुंचे 286 डॉग बाइट के मरीज
ग्वालियर में आवारा व पालतू कुत्तों के काटने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल में 95, जयारोग्य अस्पताल (JAH) में 81 और हजीरा सिविल अस्पताल में 110 समेत कुल 286 मरीज डॉग बाइट के उपचार के लिए पहुंचे। सभी को एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) के पहले, दूसरे या तीसरे डोज लगाए गए। जिला अस्पताल में पहुंचे मरीजों में 4 साल की बच्ची सहित 5 लोगों की हालत अधिक गंभीर रही। इसी दिन सीपी कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय भानू को उनके ही पालतू कुत्ते ने पैर में गंभीर रूप से काट लिया। उन्हें जिला अस्पताल में एंटी रेबीज टीका लगाने के साथ टांके लगाए गए और पैर की सर्जरी कर रक्तस्राव रोका गया।













