पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दक्षिण पन्ना वनमंडल की पवई रेंज टीम ने सियार के शिकार से जुड़े इस मामले में ग्राम मोहनपुरा निवासी राहुल सपेरा और क्रतन सपेरा को पकड़ा है। खास बात यह है कि यह कार्रवाई घटना के 59 दिन (करीब दो महीने) बाद विस्तृत जांच और तलाश के आधार पर की गई। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी व कार्रवाई जारी रहेगी।


21 सितंबर को पुरैना में जब्त हुआ था वन्यप्राणी का मांस

पूरा घटनाक्रम 21 सितंबर 2026 का है। दक्षिण पन्ना वनमंडल के पवई वन परिक्षेत्र अंतर्गत उत्तर पवई बीट के राजस्व ग्राम पुरैना में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने दबिश दी थी और वन्यप्राणी का मांस जब्त किया था। उस दौरान आरोपी मौके से भाग निकलने में सफल रहे थे, जिसके बाद विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। करीब दो महीने की लगातार जांच और तलाश के बाद 19 नवंबर 2026 को वन विभाग की टीम ने मोहनपुरा निवासी राहुल सपेरा और क्रतन सपेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विभाग के मुताबिक, पूछताछ में दोनों के सियार के अवैध शिकार में शामिल होने की बात सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और वहां से जेल भेज दिया गया।



वन परिक्षेत्र अधिकारी पंकज दुबे के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी पवई पंकज दुबे के निर्देशन में अंजाम दी गई। आरोपियों की धरपकड़ और जांच की इस मुहिम में परिक्षेत्र सहायक बृजकिशोर खरे, पुष्पेंद्र सिंह, शरद नगर, भारती कुमार और बीट गार्ड रामजी गर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि अवैध शिकार की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।