बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनघाट में आधी रात तक मोबाइल चलाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सुषमा राऊत के रूप में हुई है, जिसका विवाह तीन साल पहले आरोपी दिनेश राऊत से हुआ था। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए परिजनों को पत्नी की तबीयत अचानक खराब होने की झूठी सूचना दी और उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, पुलिस की सख्त पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई और आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।


देर रात तक मोबाइल चलाने से खराब हो रही थी नींद

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात सुषमा काफी देर तक मोबाइल चला रही थी, जिससे पति दिनेश राऊत की नींद खराब हो रही थी। इसी बात पर नाराज होकर दिनेश ने सुषमा को थप्पड़ मार दिया। जवाबी कार्रवाई में सुषमा ने भी पलटकर दिनेश को थप्पड़ जड़ दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद तेजी से बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर दिनेश ने सुषमा के साथ मारपीट की और उसका गला दबा दिया। पुलिस के अनुसार, गला दबाने के करीब 10 से 15 मिनट बाद जब सुषमा के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो दिनेश घबरा गया। खुद को बचाने के लिए उसने परिजनों को फोन कर बताया कि सुषमा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, और फिर उसे अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


सख्त पूछताछ में टूटा आरोपी पति और कबूला जुर्म

महिला की संदिग्ध व अचानक मौत के बाद तिरोड़ी पुलिस ने जांच शुरू की और पति दिनेश से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दिनेश टूट गया और उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। जानकारी के अनुसार, दिनेश शराब पीने का आदी था और पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। एसडीओपी विकास सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम और शुरुआती जांच में गले की हड्डी टूटने से सुषमा की मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी पति दिनेश राऊत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।