कोलकाता। ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी शुक्रवार को उत्तर कोलकाता के गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन पर एक महिला भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है, जिसके संबंध में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।उन्हें दोपहर 1 बजे पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वे पार्टी समर्थकों के साथ करीब 12:45 बजे ही पुलिस स्टेशन पहुंच गए। वे पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन के अंदर चले गए, जबकि उनके समर्थक भारी बारिश के बीच बाहर इंतजार करते रहे।

13 नवंबर को, गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन की पुलिस साउथ कोलकाता के कालीघाट स्थित डायमंड हार्बर सांसद के आवास पर गई थी और उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस दिया था।

यह एफआईआर एक स्थानीय महिला की शिकायत पर दर्ज की गई थी। महिला का आरोप है कि अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में एक महिला आईपीएस अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मियों को धमकी दी और उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिससे पुलिस के कामकाज में बाधा उत्पन्न हुई।

यह विवाद पिछले महीने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान तृणमूल नेता द्वारा की गई टिप्पणियों से जुड़ा है। उस दौरान उन्होंने राज्य के पुलिस अधिकारियों की आलोचना की थी, जिनमें पश्चिम मिदनापुर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) पापिया सुल्ताना भी शामिल थीं, हालांकि उन्होंने उनका नाम सीधे तौर पर नहीं लिया था।

कैमरे में कैद हुई इस बातचीत के दौरान, अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी थी कि राजनीतिक रूप से पक्षपाती तरीके से काम करने वाले पुलिस अधिकारियों के नाम नोट किए जा रहे हैं और भविष्य में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सुल्ताना पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सुल्ताना, मुख्यमंत्री (सुवेंदु अधिकारी का जिक्र करते हुए) को खुश करने के लिए तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रही हैं।

इससे पहले शुक्रवार को टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर पुलिस के समन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने अपने खिलाफ की गई इस कार्रवाई पर सवाल उठाए और पिछले कुछ वर्षों में भाजपा नेताओं द्वारा पश्चिम बंगाल पुलिस के बारे में दिए गए बयानों का जिक्र किया।

उन्‍होंने लिखा, "गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन ने मुझे आज एक मामले के सिलसिले में बुलाया है। आरोप है कि मैंने पुलिस अधिकारियों को धमकी दी है कि आने वाले दिनों में उन्हें न्याय का सामना करना पड़ेगा। वहां जाने से पहले, मुझे लगा कि यह याद करना उचित होगा कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा नेताओं ने बंगाल पुलिस के बारे में क्या-क्या कहा है।"