पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के देवेंद्रनगर थाने क्षेत्र में रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध वसूली का कथित नेटवर्क संचालित होने का आरोप लगा है। इस व्यवस्था में पुलिसकर्मी सीधे सामने आने के बजाय देवेंद्रनगर निवासी निगरानी बदमाश आशीष (पिता गणेश प्रसाद) के माध्यम से प्रत्येक ट्रैक्टर से हर माह 3 हजार रुपये की वसूली करवाते थे। मामले में तब और गंभीर मोड़ आ गया, जब पूछताछ में बदमाश द्वारा वसूली स्वीकार किए जाने और उसका वीडियो बनाए जाने के बावजूद कथित तौर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब इस प्रकरण और पूछताछ का वीडियो सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
निगरानी बदमाश ने पूछताछ में कबूली वसूली की बात
निगरानी बदमाश को वसूली एजेंट बनाकर उगाही कराए जाने की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले की जांच की गई। पूछताछ के दौरान निगरानी बदमाश आशीष ने अधिकारियों के समक्ष बताया कि वह महीने में करीब 30 ट्रैक्टरों से 3-3 हजार रुपये की वसूली करता था। आशीष के मुताबिक, यह वसूली तत्कालीन टीआई संतोष यादव और आरक्षक रोहित के कहने पर की जाती थी। एकत्र की गई रकम वह आरक्षक रोहित को सौंपता था, जिसके एवज में उसे खर्चा-पानी के तौर पर 200 से 300 रुपये मिल जाते थे।
ये भी पढ़ें




तत्कालीन एसपी तक पहुंचा था पूछताछ का वीडियो
बताया जा रहा है कि बदमाश आशीष से पूछताछ के दौरान सामने आई बातें और उसका वीडियो तत्कालीन पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू तक पहुंचाया गया था तथा घटनाक्रम से उन्हें अवगत भी कराया गया था। इसके बावजूद न तो तत्कालीन थाना प्रभारी से जवाब तलब किया गया और न ही आरक्षक रोहित के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई। जांच आगे बढ़ने के बजाय मामले के ठंडे बस्ते में चले जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इस पूरे प्रकरण पर पन्ना के पुलिस अधीक्षक (SP) सव्यसाची सराफ ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच करवाई जाएगी और यदि गड़बड़ी सामने आती है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।











