भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में पार्टी संगठन ने विपक्ष पर आक्रामक रुख अपनाया है। गुरुवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में निगम-मंडलों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस की आंतरिक कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला।


इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, जीतू पटवारी द्वारा मुख्यमंत्री की नियुक्ति को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों के जवाब में अब स्वयं सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया पर सवाल उठाकर विपक्ष को घेरा है।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया पर सीएम का निशाना

भाजपा की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के संगठन चुनाव पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि वहां प्रदेश अध्यक्ष तक का चुनाव नहीं होता, बल्कि दिल्ली से सीधे आदेश जारी कर दिए जाते हैं। सीएम मोहन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता प्राप्त करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाती है और समाज में विद्वेष फैलाना चाहती है। उन्होंने बैठक में मौजूद पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के इन हथकंडों को जनता के सामने उजागर करें।


सेवा दूत अभियान के जरिए जन-जन तक पहुंचेंगी सरकार की योजनाएं

बैठक में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश वर्तमान में रोजगार के सबसे अधिक अवसर खड़े करने वाला राज्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप गरीब, युवा, महिला और किसान कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और इन विकास कार्यों व योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना सभी जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।


सीएम डॉ. मोहन यादव ने सभी निगम-मंडल पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे 'सेवा दूत अभियान' के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संदेश दिया।