नई दिल्ली। उत्तराखंड की लोकआस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवन-मूल्यों के प्रतीक 'इगास-बग्वाल' पर्व के अवसर पर राजधानी दिल्ली में सियासत, अध्यात्म और लोकसंस्कृति का एक भव्य संगम देखने को मिला। गढ़वाल (पौड़ी) सांसद तथा भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं संवहन विभाग के समन्वयक अनिल बलूनी के आवास पर आयोजित इस पारंपरिक उत्सव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) एक साथ नजर आए। दीपावली के ग्यारह दिन बाद मनाए जाने वाले इस पावन लोकपर्व में देश के शीर्ष राजनेता और सनातन धर्म के प्रमुख संत की एक साथ उपस्थिति समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रही।

संतों के सान्निध्य में हुआ अग्निपूजन, अध्यात्म और संस्कृति का बना अनूठा संगम

सांसद अनिल बलूनी एवं श्रीमती बलूनी के आत्मीय आमंत्रण पर पधारे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बागेश्वर महाराज तथा देश के अन्य प्रतिष्ठित संत-महापुरुषों की गरिमामयी उपस्थिति में पारंपरिक विधि-विधान के साथ 'इगास' की पवित्र अग्नि प्रज्वलित की गई और श्रद्धापूर्वक अग्निपूजन संपन्न हुआ। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बागेश्वर महाराज ने संतों के सान्निध्य में उत्सव की परंपराओं में सहभागिता की, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक सद्भाव से सराबोर हो उठा।


उत्तराखंडी लोकगीतों की मधुर प्रस्तुति से जीवंत हुई देवभूमि की विरासत

समारोह को और अधिक भव्य बनाने के लिए विशेष रूप से उत्तराखंड से सांस्कृतिक मंडलियां आमंत्रित की गई थीं। कलाकारों ने देवभूमि के पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की सांस्कृतिक समृद्धि और लोकजीवन की सहज आत्मीयता को साकार कर दिया। लोकसंगीत के मधुर स्वरों और पर्व की पारंपरिक छटा ने उपस्थित सभी अतिथियों को देवभूमि की संस्कृति से जोड़ दिया।

गणमान्य जनों और मीडिया प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी, जड़ों से जुड़े रहने का दिया संदेश

इस स्नेहपूर्ण आयोजन में देश के अनेक विशिष्ट एवं गणमान्य जनों के साथ-साथ राष्ट्रीय मीडिया जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। श्रद्धा, विश्वास और सांस्कृतिक चेतना से परिपूर्ण यह उत्सव अपनी जड़ों से जुड़े रहने, लोकपरंपराओं को सहेजने तथा नई पीढ़ी तक उनके जीवंत संस्कार पहुंचाने का प्रेरक संदेश दे गया। सांसद अनिल बलूनी के आत्मीय आतिथ्य में संपन्न हुए इस 'इगास' पर्व ने राजधानी में देवभूमि उत्तराखंड की लोकआस्था और सांस्कृतिक गौरव की सुंदर अनुभूति कराई।