श्योपुर, उत्तम सिंह। जिले में अवैध रेत परिवहन करने वालों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि अब कार्रवाई के लिए पहुंचने वाली सरकारी टीमों पर भी हमला किया जा रहा है। ताजा मामला शहर के NH-552 का है, जहां अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंची घड़ियाल और वन विभाग की टीम पर रेत माफिया ने हमला करने का प्रयास किया। आरोपियों ने सरकारी वाहनों को टक्कर मारी और टीम के सदस्यों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, रेंज ऑफिसर सोमेश शर्मा और एसडीओ रावत के नेतृत्व में वन विभाग की टीम अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम ने जैसे ही ट्रैक्टरों की घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, तभी एक ट्रैक्टर चालक ने चलते वाहन का प्रेशर उठाकर सड़क पर रेत पलट दी। इससे टीम का रास्ता बाधित करने की कोशिश की गई।

इस दौरान दूसरे ट्रैक्टर चालक ने सरकारी वाहनों को कट मारते हुए वन विभाग के कर्मचारियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। वहीं, एक अन्य आरोपी हाथ में डंडा लेकर वन अमले पर हमला करने के लिए दौड़ा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि वन विभाग की टीम ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

इस घटना ने जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर लगाम लगाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब कार्रवाई करने गई सरकारी टीम को ही हमले और ट्रैक्टर चढ़ाने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।