रतलाम। किसी भी फिल्म की सफलता केवल कलाकारों के अभिनय तक सीमित नहीं होती, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाले रचनात्मक कलाकारों की मेहनत भी उसे खास बनाती है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के होनहार युवा एडिटोरियल विजुअल आर्टिस्ट भुवनेश काले (Bhuvnesh Kale) ने रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण' में अपने रचनात्मक हुनर से विशेष पहचान बनाई है। फिल्म के एंड क्रेडिट्स में भुवनेश काले को तीन अलग-अलग महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए स्थान मिला है। वे इस भव्य प्रोजेक्ट में कॉन्सेप्ट आर्टिस्ट, एडिटोरियल विजुअल आर्टिस्ट और 'रामायण' क्रिएटिव टीम के पोस्टर डिजाइनर के रूप में जुड़े रहे हैं।


लंका के 200 फीट ऊंचे द्वार के लिए दो महीने तक हाथ से किया स्केच

भुवनेश काले के प्रमुख कार्यों में फिल्म के लिए परिकल्पित लंका के 200 फीट ऊंचे भव्य द्वार का डिजाइन शामिल है। उन्होंने द्रविड़ शैली के मंदिरों की स्थापत्य कला से प्रेरणा लेते हुए करीब दो महीने तक हाथ से इसकी बारीकियां उकेरीं और इसका खाका तैयार किया। लंका के द्वार के अलावा उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर जंगलों के विजुअल दृश्य तैयार किए और एक सहयोगी कलाकार के साथ रावण के सिंहासन के डिजाइन को अंतिम रूप देने में योगदान दिया।


केंद्रीय विद्यालय रतलाम से की स्कूली पढ़ाई

रतलाम के केंद्रीय विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद भुवनेश ने मुंबई स्थित व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल से प्री-विजुअलाइजेशन में विशेषज्ञता हासिल की और वर्ष 2020 में ग्रेजुएशन पूरा किया। बचपन से ही उनका रुझान फिल्मों के आर्ट डायरेक्शन और एनीमेशन की ओर रहा। स्कूल समय में वे पेंटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेते थे और नेशनल जियोग्राफिक की राष्ट्रीय स्तर की पेंटिंग प्रतियोगिता भी जीत चुके हैं। कोविड-19 के दौरान पढ़ाई और शुरुआती कामकाज प्रभावित होने के बाद उन्हें वर्ष 2022 में अमेजन प्राइम के शो 'बैंड वाले' के जरिए बड़ा अवसर मिला। इसके बाद जनवरी 2024 में वे प्राइम फोकस और डीएनईजी (DNEG) के माध्यम से 'रामायण' प्रोजेक्ट में आर्ट इंटर्न के रूप में जुड़े और धीरे-धीरे बढ़ती जिम्मेदारियों के साथ बड़े पर्दे तक का सफर तय किया।