राजपुर। बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-319A पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से बारात में जा रहे दूल्हे के 4 दोस्तों समेत कुल 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 कार सवार और 3 बाइक सवार युवक शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिसने बाइक को टक्कर मारने के बाद कार 20 फीट हवा में उछली, 5 से 6 बार पलटी खाई और पानी भरे गड्ढे को पार करते हुए एक पेड़ से जा भिड़ी। इस हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में कार सवार गाजीपुर के भतौरा गांव निवासी बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज अली (20) और दिव्यांशु ठाकुर (22) शामिल हैं। वहीं, बाइक सवार गाजीपुर के उतरौली निवासी अरुण कुमार (22), बक्सर के सौरी निवासी शुभम कुमार (21) और सिकरौल निवासी शिवम कुमार (18) की भी जान चली गई।


विशुनपुरा बारात में जा रहे थे भतौरा के 5 युवक

गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र स्थित भतौरा गांव के 5 युवक कार से बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में बारात में शामिल होने जा रहे थे। भतौरा के प्रधान अजीत सिंह के मुताबिक, कार गांव का ही छांगुर कुमार उर्फ सतेंद्र (25) चला रहा था, जिसने करीब दो महीने पहले ही सेकेंड हैंड i-20 कार खरीदी थी। हादसे के बाद से चालक का कोई पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, NH-319A पर सोनपा गांव के 3 युवक बाइक से घर से निकलकर करीब 50 मीटर ही आगे बढ़े थे कि पीछे से आ रही बारातियों की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक पर पीछे बैठे अरुण का बायां पैर कटकर शरीर से अलग हो गया और दूर जा गिरा, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।



सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था अरुण; प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया हादसे का खौफनाक मंजर

गाजीपुर के उतरौली निवासी अरुण कुमार (22) दो भाइयों में छोटा था और सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह एक दिन पहले ही सोनपा गांव में अपने मामा हरेराम राजभर के घर घूमने आया था। शाम को वह अपने ननिहाल के दोस्त शुभम कुमार और शिवम कुमार के साथ बाइक से महावीर स्थान की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी रविरंजन सिंह ने बताया कि कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से अधिक थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर हवा में उछलती हुई 10 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे को पार कर पेड़ से जा टकराई। वहीं, प्रत्यक्षदर्शी और जलीलपुर पैक्स अध्यक्ष राजेश राय ने कहा कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दिमाग हिल गया; मौके पर पहुंचने पर कार में चीख-पुकार मची थी और बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर तड़प रहे थे। स्थानीय लोगों ने कार के दरवाजे तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला।