भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले हजारों कोविड वॉरियर्स (COVID Warriors) के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में इन कर्मचारियों की पुनः बहाली की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसे लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने मध्य प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) से कोविड-19 के दौरान नियुक्त किए गए अस्थायी कर्मचारियों की पूरी जानकारी तलब की है। NHM ने निर्देश दिए हैं कि जिला स्तर पर कोविड वॉरियर्स का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर जल्द से जल्द मुख्यालय को भेजा जाए। प्रदेशभर में ऐसे कर्मचारियों की संख्या करीब 5 हजार है, जो अपनी सेवा बहाली की मांग को लेकर राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में पिछले डेढ़ महीने (45 दिनों से अधिक समय) से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।


जिला स्तर पर जुटाई जाएगी कोविड वॉरियर्स की पूरी कुंडली

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा प्रदेश के सभी CMHO को जारी निर्देशों के तहत कोविड-19 महामारी के दौरान भर्ती किए गए आयुष चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, एएनएम, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ का जिलावार ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों को यह जानकारी जल्द से जल्द भोपाल भेजने के लिए कहा गया है, ताकि आगे की प्रक्रिया को गति दी जा सके। गौरतलब है कि कोरोना संकट के चरम दौर में स्वास्थ्य विभाग ने इन कोविड वॉरियर्स की भर्ती की थी। इन कर्मचारियों ने करीब 2 साल तक कोविड सेंटरों, अस्पतालों, आईसीयू, सैंपलिंग और वैक्सीनेशन अभियानों में अपनी सेवाएं दीं। हालांकि, महामारी का प्रकोप कम होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने वित्तीय हालातों का हवाला देते हुए इनकी सेवाएं समाप्त कर दी थीं।


नीलम पार्क में पिछले 45 दिनों से जारी है महाआंदोलन

नौकरी से हटाए जाने के बाद से प्रदेश के करीब 5 हजार कोविड वॉरियर्स रोजगार और परिवार के भरण-पोषण के संकट से जूझ रहे हैं। अपनी सेवा बहाली की मांग को लेकर ये कर्मचारी राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में पिछले 45 दिनों से लगातार धरने पर बैठे हैं। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला स्वास्थ्यकर्मी अपने छोटे बच्चों के साथ शामिल होकर सरकार से न्याय की गुहार लगा रही हैं। कोविड वॉरियर संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जिन पर उनके अनुभव के आधार पर उन्हें समायोजित किया जा सकता है। अब NHM द्वारा सभी CMHO से जानकारी मांगे जाने के बाद कर्मचारियों में बहाली की उम्मीद जगी है, हालांकि उनका कहना है कि जब तक सरकार की ओर से ठोस नीति और लिखित आदेश जारी नहीं हो जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।