सतना, सजल कुमार रजक। शहर के रीवा रोड इलाके में स्थित वीनस स्वीट्स के पास अपहरण की कोशिश की घटना से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इंदौर-भोपाल नंबर की एक काले रंग की गाड़ी से पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यक्ति को अगवा करने का प्रयास किया।

घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने तत्परता और हिम्मत दिखाते हुए मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, इसी दौरान उसके चार साथी काले रंग की गाड़ी लेकर वहां से भागने में सफल रहे। शुरुआती तौर पर पकड़े गए युवक के इंदौर-भोपाल क्षेत्र का रहने वाला होने की जानकारी सामने आई है।

इस घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। स्थानीय नागरिकों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई तथा फरार आरोपियों की धरपकड़ को लेकर आधिकारिक और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।