नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वे शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं से जुड़े दो बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
सुबह लगभग 9:45 बजे प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे बिहार जाएंगे, जहां वे वैशाली में विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश जाएंगे। शाम लगभग 5:30 बजे प्रधानमंत्री लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे और संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। वे आईआईटी खड़गपुर के 75 छात्रों से बातचीत भी करेंगे, जो संस्थान की 75 साल की यात्रा का प्रतीक हैं। यह बातचीत युवाओं के विचारों, नवाचार और भविष्य की आकांक्षाओं पर केंद्रित होगी।
1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर देश में बनने वाला पहला इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) था। राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त आईआईटी खड़गपुर ने भारत में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। पिछले 75 वर्षों में इस संस्थान ने देश को हजारों इंजीनियर, वैज्ञानिक, उद्यमी और नीति निर्माता दिए हैं, जिन्होंने भारत ही नहीं, दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है।
प्लेटिनम जुबली समारोह संस्थान की गौरवशाली यात्रा का जश्न मनाने के साथ-साथ भविष्य के भारत के लिए तकनीक, अनुसंधान और आत्मनिर्भरता के नए संकल्प का भी अवसर होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन में विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, तकनीक और नवाचार की भूमिका पर जोर रहने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू किया गया कौशल दीक्षांत समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता को मान्यता देने और प्रशिक्षित युवाओं के प्रशिक्षण से कार्य-जगत (काम की दुनिया) में प्रवेश का जश्न मनाने के लिए एक वार्षिक राष्ट्रीय मंच के रूप में उभरा है।
अपनी शुरुआत से ही यह समारोह कौशल विकास क्षेत्र के अखिल भारतीय टॉपर्स और बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करता आ रहा है। इससे व्यावसायिक शिक्षा और कौशल-आधारित करियर के प्रति गर्व, उपलब्धि और आकांक्षा की भावना को बढ़ावा मिलता है।
इस वर्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इन टॉपर्स में देश के विभिन्न राज्यों के युवा शामिल हैं, जिन्होंने तकनीकी कौशल, मेहनत और अनुशासन से शीर्ष स्थान हासिल किया है।

















