खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और ट्रॉले की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार मां और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान करोंदिया निवासी स्वाती पाटीदार (45) और उनके बेटे मोनेश पाटीदार (25) के रूप में हुई है। यह दुर्घटना धामनोद-बड़वाह मार्ग पर होटल सनातन और हरसिद्धि रेस्टोरेंट के बीच हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। स्थानीय लोगों ने स्वाती को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि कार में बुरी तरह फंसे मोनेश के शव को जेसीबी (JCB) मशीन की मदद से बाहर निकाला जा सका।


26 जनवरी को होने वाली थी मोनेश की शादी

जानकारी के अनुसार, मोनेश एमबीए (MBA) की पढ़ाई कर चुका था और आगामी 26 जनवरी को मंडलेश्वर में उसकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की जोरदार तैयारियां चल रही थीं और इसी सिलसिले में मां-बेटे शादी की शॉपिंग करने धामनोद गए थे। खरीदारी पूरी करने के बाद दोनों कार से अपने गांव करोंदिया लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रॉले ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि मोनेश के पिता महेंद्र पाटीदार बोस (जो उमिया माता मंदिर के सचिव थे) का 2019-20 में निधन हो गया था। पिता के जाने के बाद परिवार में स्वाती और इकलौते बेटे मोनेश ही एक-दूसरे का सहारा थे। इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही करोंदिया गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने फिलहाल इस मामले में बात करने से इनकार कर दिया है।


हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार; पुलिस ने शुरू की तलाश

राहगीरों और होटल सनातन के रोहित जोशी से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी जगदीश गोयल व पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर राकेश सिसोदिया ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है और ट्रॉले को जब्त कर थाने लाया जाएगा। कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कृष्णा दुबे के मुताबिक, स्वाती पाटीदार को सुबह करीब 11:45 बजे अस्पताल लाया गया था, जहां जांच में पल्स नहीं चलने और ईसीजी (ECG) से पुष्टि के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गंभीर चोटों के साथ लाए गए मोनेश पाटीदार की भी पल्स नहीं चल रही थी और आंखों की पुतलियां फैली हुई थीं, जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया।