उमरिया, तपस गुप्ता। घुनघुटी क्षेत्र में जंगल और जमीन बचाने की मांग को लेकर जारी आंदोलन के बीच मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया रविवार को आंदोलनकारियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आदिवासियों को डराने-धमकाने के आरोप लगाए।

घुनघुटी में जंगल बचाओ आंदोलन पिछले 12 दिनों से जारी है। ग्रामीण जंगल कटाई और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर दिन-रात प्रदर्शन कर रहे हैं। यश घनघोरिया ने कहा कि इतने दिनों से महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे धरने पर बैठे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं का समाधान करने के बजाय कथित तौर पर आंदोलन खत्म कराने के लिए डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले आदिवासियों के साथ संवाद होना चाहिए, न कि उन पर दबाव बनाया जाए।

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पन्ना और सिंगरौली में भी जंगल कटाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं और अब उमरिया जिले के घुनघुटी क्षेत्र में भी पेड़ों की कटाई के विरोध में ग्रामीण संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनकी भावनाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों की आंदोलन स्थल से दूरी पर भी सवाल उठाए और कहा कि 12 दिनों से आंदोलन जारी रहने के बावजूद कोई जिम्मेदार नेता ग्रामीणों की पीड़ा सुनने नहीं पहुंचा। यश घनघोरिया ने आश्वस्त किया कि युवा कांग्रेस आदिवासियों के जंगल, जमीन और अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी तथा उनकी आवाज को सड़क से लेकर राजनीतिक मंचों तक उठाएगी। आंदोलनकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने मां बिरासिनी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।