लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब गांवों में पेयजल आपूर्ति की निगरानी के लिए अधिकारियों को मौके पर जाकर टंकियों का जलस्तर या पंपों की स्थिति देखने की जरूरत नहीं होगी। जल जीवन मिशन के तहत एससीएडीए (सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन) और ऑटोमेशन तकनीक के जरिए प्रदेश की करीब 13,700 पेयजल योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी शुरू हो चुकी है। इस व्यवस्था से एक ही स्थान पर बैठकर पानी की टंकियों में जलस्तर, पंपों की कार्यशीलता, पाइपलाइनों में जल प्रवाह और भूजल की स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी। किसी योजना में तकनीकी खराबी आने या जलापूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में भी समय रहते जानकारी मिल सकेगी। हाल ही में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन की क्षेत्रीय कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश ने अपने ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम का प्रदर्शन कर दूसरे राज्यों का ध्यान आकर्षित किया। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

प्रदेश में तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, एससीएडीए/ऑटोमेशन एक ऐसी आधुनिक तकनीक है, जिसके माध्यम से विभिन्न सेंसर और उपकरणों से प्राप्त आंकड़े केंद्रीय निगरानी प्रणाली तक पहुंचते हैं। इसके जरिए पानी की टंकियों का जलस्तर, पंपों के चलने और बंद होने की स्थिति, पाइपलाइन में पानी का प्रवाह तथा उपलब्ध उपकरणों के माध्यम से दबाव की जानकारी मिलती रहती है। इससे अधिकारियों को किसी योजना की वास्तविक स्थिति जानने में आसानी होगी।

पंप बंद होने, जलस्तर में असामान्य बदलाव या तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा सकेगा। इस तकनीक का एक बड़ा फायदा पेयजल योजनाओं के रखरखाव और बिजली की खपत को नियंत्रित करने में भी मिलेगा। पंपों के संचालन के घंटों और बिजली की खपत का रिकॉर्ड उपलब्ध होने से उनके बेहतर इस्तेमाल की योजना बनाई जा सकेगी। जहां वीएफडी जैसी तकनीक और उपयुक्त नियंत्रण प्रणाली उपलब्ध है, वहां पानी की मांग के अनुसार पंपों का संचालन कर ऊर्जा की बचत भी की जा सकती है। इसके अलावा उपकरणों की कार्यशीलता का लगातार रिकॉर्ड मिलने से संभावित खराबी का पहले ही पता लगाकर समय पर मरम्मत कराई जा सकेगी।

इससे बड़ी तकनीकी गड़बड़ियों और अनावश्यक खर्च को कम करने में मदद मिलेगी। पेयजल की गुणवत्ता की निगरानी के लिहाज से भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है। उपयुक्त सेंसर लगाए जाने पर पानी में क्लोरीन, टर्बिडिटी और अन्य निर्धारित मानकों की निगरानी की जा सकती है। इससे गुणवत्ता संबंधी समस्याओं का समय रहते पता लगाकर सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलेगी। हालांकि, सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार नमूनों की जांच और प्रयोगशाला परीक्षण भी जारी रहेंगे। ऑनलाइन आंकड़ों के उपलब्ध होने से विभागीय रिपोर्टिंग, शिकायतों के निस्तारण और योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत कुल 36,374 पेयजल योजनाओं में एससीएडीए/ऑटोमेशन प्रणाली लागू करने का प्रस्ताव है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, संचालित एवं अनुरक्षित तथा ट्रायल रन की करीब 13,700 योजनाओं में ऑटोमेशन का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही पुरानी जल निगम की पेयजल योजनाओं को भी इस तकनीक से जोड़ने का काम किया जा रहा है। विशेष रूप से विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र की पुरानी जल निगम योजनाओं में एससीएडीए/ऑटोमेशन प्रणाली स्थापित की जा रही है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के 63,625 गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति हो रही है। इनमें 22,836 गांवों में जलार्पण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

सरकार का जोर केवल ग्रामीण परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचाने पर ही नहीं, बल्कि पेयजल योजनाओं को लंबे समय तक सुचारु बनाए रखने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर भी है। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जल जीवन मिशन के तहत सरकार का प्रयास केवल घर-घर नल कनेक्शन पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पेयजल योजनाओं का सुचारु संचालन और उनका दीर्घकालिक रखरखाव भी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि एससीएडीए/ऑटोमेशन जैसी आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पेयजल योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। सरकार का लक्ष्य तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए जलापूर्ति संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान करना और ग्रामीण परिवारों को नियमित पेयजल सुविधा का लाभ उपलब्ध कराना है।