भोपाल। मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अपना आधा कार्यकाल पूरा कर चुकी है, लेकिन इस दौरान मंत्रियों से लेकर विधायकों तक के कामकाज और कार्यशैली को लेकर उठते सवालों ने अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सतर्क कर दिया है। आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नेतृत्व के पास सभी विधायकों की एक गोपनीय (कॉन्फिडेंशियल) सर्वे रिपोर्ट पहुंची है, जिसने संगठन के भीतर हलचल मचा दी है। इस रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पार्टी के करीब 100 विधायक ऐसे हैं, जिन्हें यदि दोबारा टिकट दिया गया तो वे पिछली बार मिले वोटों का आंकड़ा भी नहीं छू पाएंगे। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए और समय रहते डैमेज कंट्रोल करने के इरादे से भाजपा ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर 'सेवा दूत अभियान' के रूप में एक बड़ा ओपन सर्वे और जमीनी फीडबैक मिशन शुरू करने का ऐलान किया है।
ये भी पढ़ें




संगठन की इस विशेष रणनीति के तहत भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों पर वरिष्ठ नेताओं को 'सेवा दूत' के रूप में तैनात किया है। इस अभियान में मौजूदा विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व जिला अध्यक्षों तथा विभिन्न निगम, मंडल और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये सभी सेवा दूत 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक अपनी-अपनी आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे और वहां सरकार के कामकाज, जनप्रतिनिधियों की छवि तथा संगठन की वास्तविक सक्रियता का सीधा फीडबैक जुटाएंगे। भाजपा नेतृत्व ने इस महाभियान को व्यवस्थित और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए 25 दिनों का एक विस्तृत 'डेली कैलेंडर' तैयार किया है। इस कैलेंडर में प्रत्येक दिन की गतिविधियों, बैठकों और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया गया है। पार्टी की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी विशेष या अपरिहार्य परिस्थिति को छोड़कर कोई भी सेवा दूत इन 25 दिनों के दौरान अपनी आवंटित विधानसभा सीट नहीं छोड़ सकेगा। इस अभियान का उद्देश्य महज सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं है, बल्कि यह वास्तविक आकलन करना है कि योजनाएं धरातल पर आम आदमी तक कितनी पहुंची हैं और जनता के मन में सरकार व संगठन को लेकर क्या प्रतिक्रिया चल रही है।
तीन प्रमुख आयामों पर परखी जाएगी हकीकत, लाभार्थियों के अनुभव होंगे संकलित
अभियान के अंतर्गत सेवा दूतों को मुख्य रूप से तीन अहम बिंदुओं पर अपनी रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसके तहत सबसे पहले संबंधित विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक व सामाजिक परिस्थितियों और स्थानीय स्तर पर पार्टी संगठन की सक्रियता का आकलन किया जाएगा। दूसरे चरण में यह परखा जाएगा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जमीन पर कितनी प्रभावी साबित हो रही हैं और हितग्राही उनसे कितने संतुष्ट या नाराज हैं। वहीं तीसरे महत्वपूर्ण आयाम के रूप में यह पता लगाया जाएगा कि स्थानीय स्तर पर आम जनता के बीच सरकार व विधायक को लेकर कौन-सा नैरेटिव चल रहा है और क्षेत्र की सबसे प्रमुख समस्याएं क्या हैं। इस 25 दिवसीय प्रवास के दौरान सेवा दूत स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद करेंगे। साथ ही, हितग्राहियों के व्यक्तिगत अनुभवों और सफलता की कहानियों को भी संकलित किया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि केंद्र व राज्य की योजनाओं से आमजन के जीवन स्तर में क्या वास्तविक बदलाव आया है। इस पूरे अभियान के माध्यम से जुटाई गई रिपोर्ट ही आगामी समय में संगठन में बदलाव और टिकट वितरण का सबसे बड़ा आधार बनेगी।

















